मेरा मासूम भाई
- Himani
- Jun 8
- 2 min read
बचपन में मेरे भाई के साथ एक बड़ी मजेदार घटना घटी थी। मेरा भाई तब 3 साल का ही था। मेरे पापा और मामा कार्तिक को चलना सीखा रहे थे, पर वह चल ही नहीं रहा था। मैं अंदर कमरे में पढ़ रही थी। मुझे भी उसे देखना था चलते हुए। मैं कमरे से झाँकने लगी। काफी कोशिश करने के बाद पापा और मामा थक गए। उनकी हालत तो बिल्कुल टाइट हो चुकी थी! उन्हें देखकर मुझे तो इतनी हँसी आ रही थी, इतनी हँसी आ रही थी कि मत ही पूछो! फिर अचानक कार्तिक खड़ा हुआ और चलने लगा। सब तालियाँ बजा रहे थे। मैं आश्चर्य में थी और सोचने लगी कि अब तो रोज कार्तिक के साथ छुपन-छुपाई खेलूंगी।
अगले दिन मम्मी फोन पर बात कर रही थी और मैं टीवी देख रही थी। मेरा भाई कार्तिक कब चुपचाप चल कर किचन की ओर चला गया, पता ही न चला! थोड़ी देर बाद मुझे प्यास लगी तो मैं किचन में पानी पीने गई। तब जो मैंने देखा वह आश्चर्यचकित कर देने वाला दृश्य था। पूरे किचन में आटा-आटा हो रखा था और कार्तिक आटे से नहा रखा था। वह पूरा भूत लग रहा था। मेरा ध्यान गया कि उधर एक प्लास्टिक के डिब्बे में हमने जो आटा रखा था। उसने वह नीचे गिरा दिया था या यूँ कहें उससे गिर गया होगा। डब्बा टूट गया था और पूरा किचन...

मैंने जल्दी से मम्मी को बुलाया। मम्मी दौड़ती हुई आई और पूछा कि क्या हुआ। मैंने बोला खुद देखो! मम्मी ने देखा पूरा किचन गंदा हो रखा है, आटा-आटा हो रखा है हर जगह। मम्मी बहुत गुस्से में थी। मम्मी ने कार्तिक को डाँटा, फिर उसे नहलाया और उसके बाद किचन साफ किया। मम्मी का काम तो बढ़ गया, पर आटे से नहाए अपने छोटे से भाई के उस रूप के बारे में सोच-सोचकर मेरी हँसी छूट रही थी।



Comments